– घाटों की सफाई, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश; श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनेंगे दो जर्मन हैंगर पंडाल
नालंदा, 09 नवंबर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर तैयारियों का जायजा लेने ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार सोमवार को नालंदा स्थित ऐतिहासिक बड़गांव धाम पहुंचे। इस दौरान उनके साथ सांसद कौशलेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने का निर्देश दिया।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की सांस्कृतिक पहचान और आस्था का प्रतीक है। यह पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोकपरंपरा, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश भी देता है। बड़गांव धाम का ऐतिहासिक छठ घाट श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छठ व्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को घाटों एवं तालाबों की विशेष साफ-सफाई कराने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यातायात को सुचारु रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि घाटों पर कहीं भी गंदगी नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही स्थानीय लोगों से भी स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम
मंत्री ने बताया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राज्य सरकार की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। व्रतियों के ठहरने के लिए 5,000-5,000 की क्षमता वाले दो जर्मन हैंगर पंडाल तथा बांस से निर्मित चार अन्य पंडाल लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 16 चलंत शौचालय, 45 स्थायी शौचालय और 10 चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी।
श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। आवागमन को सुगम बनाने के लिए यातायात प्रबंधन के साथ माइकिंग के माध्यम से लगातार आवश्यक सूचनाएं प्रसारित की जाएंगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन की टीम को तैयार रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर एनडीआरएफ की टीम की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं।
छठ व्रतियों की सुविधा के लिए सरकार सजग : कौशलेंद्र कुमार
इस अवसर पर सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि छठ महापर्व देश के प्रमुख लोक आस्था के पर्वों में से एक है। राज्य सरकार छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह सजग है। प्रशासन की ओर से की जा रही तैयारियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से छठ पूजा संपन्न कर सकें।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ जदयू नेता राजेंद्र प्रसाद, प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार, अरुण वर्मा, प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार देव, रंजीत मुखिया, सुजीत सिंह, मुकेश सिंह, विजय कुमार, संजय कुशवाहा, मुन्नी सरपंच, सचिन पटेल, रूपेश कुमार, मनोज कुमार वर्मा, चंद्रप्रकाश वर्मा, अधिवक्ता नंदकिशोर प्रसाद, जदयू नेता सुधीर सिंह, सिपाही जी दीपू कुमार, बंटू सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी राजन कुमार, सिलाव के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रहलाद कुमार सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।