नवादा : धनतेरस पर्व को लेकर बाजार पूरी तरह सज-धजकर तैयार है। शहर के सर्राफा बाजार, बर्तन दुकानों, इलेक्ट्रॉनिक प्रतिष्ठानों और वाहन शोरूम को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदारों ने विशेष तैयारियां की हैं। शुभ खरीदारी की परंपरा को देखते हुए कारोबारियों को इस बार अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
धनतेरस पर सोना-चांदी की खरीदारी शुभ मानी जाती है। इसे देखते हुए सर्राफा कारोबारियों ने ग्राहकों की पसंद और बजट के अनुसार आभूषणों की विस्तृत रेंज तैयार की है। सागरमल ज्वेलर्स के संचालक चेतन सिसोरिया ने बताया कि धनतेरस को लेकर प्रतिष्ठान में विशेष तैयारी की गयी है। ग्राहकों के लिए पारंपरिक आभूषणों के साथ आधुनिक डिजाइन के गहने भी उपलब्ध कराये गये हैं।
उन्होंने बताया कि हल्के वजन के आभूषण, आकर्षक नेकलेस, अंगूठी, चेन, कान के टॉप्स और चांदी के सिक्कों की खरीदारी को लेकर विशेष उत्साह रहने की उम्मीद है। ग्राहकों की पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी की सुविधा का ध्यान रखा गया है। भोला भाई ज्वेलर्स के संचालक भोला भाई ने भी सोने-चांदी के आभूषणों और सिक्कों की खरीदारी को लेकर उत्साह जताया।
धनतेरस पर पीतल, तांबा और स्टील के बर्तनों की खरीदारी भी शुभ मानी जाती है। इसके मद्देनजर बर्तन दुकानों में विशेष तैयारी की गयी है। वहीं, दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बुकिंग और डिलीवरी को लेकर वाहन एजेंसियों में भी उत्साह है। युवा होंडा शोरूम के संचालक श्याम अग्रवाल ने बताया कि त्योहार को लेकर ग्राहकों में उत्साह है। लोग अपनी पसंद के मॉडल और बजट के अनुसार वाहन खरीदने की तैयारी कर रहे हैं।
इलेक्ट्रॉनिक सामान, मोबाइल और घरेलू उपकरणों के अलावा फूल झाड़ू तथा गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमाओं की खरीदारी भी बाजार का आकर्षण रहेगी। स्थानीय कारीगरों ने बड़े पैमाने पर झाड़ू तैयार किये हैं। त्योहार को लेकर इन सामानों की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। धनतेरस पर बाजारों में संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने की तैयारी की है। इसके लिए बाजारों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जायेगी, ताकि लोग सुरक्षित माहौल में खरीदारी कर सकें और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे।
भईया जी की रिपोर्ट