नवादा : जिले के सदर प्रखंड के मध्य विद्यालय ननौरा में कार्यरत शिक्षा सेवक राकेश कुमार की मौत पर शिक्षा सेवक संघ ने गहरा शोक जताया है। संघ के जिलाध्यक्ष बसंत कुमार और जिला सचिव कलामउद्दीन ने आरोप लगाया कि पिछले छह माह से मानदेय का भुगतान नहीं होने के कारण शिक्षा सेवकों की आर्थिक स्थिति दयनीय हो गयी है। आर्थिक तंगी के कारण राकेश कुमार अपना समुचित इलाज नहीं करा सके और उनकी मौत हो गयी।

संघ के जिलाध्यक्ष बसंत कुमार ने कहा कि वेतन के अभाव में शिक्षा सेवकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मध्य विद्यालय ननौरा में कार्यरत राकेश कुमार की मौत इसका दुखद उदाहरण है। उन्होंने बताया कि राकेश कुमार अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गये हैं। जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि दीपावली से पहले शिक्षा सेवकों के मानदेय का भुगतान नहीं किया गया, तो जिला शिक्षा कार्यालय के समक्ष धरना और घेराव किया जायेगा। उन्होंने विभाग से मृतक राकेश कुमार के आश्रित परिवार को अविलंब अनुग्रह अनुदान की राशि उपलब्ध कराने की मांग की।
नेता मुकेश मांझी सहित दर्जनों शिक्षा सेवक और तालिमी मरकज के कर्मी शोकाकुल परिवार से मिले। उन्होंने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मौके पर सुरेंद्र चौधरी, मुरारी राजवंशी, कृष्णदेव कुमार, अनुज राजवंशी, बृजनंदन चौधरी, शमशेर आलम, धर्मवीर चौधरी, लालमुनि मांझी और मनोज राजवंशी सहित बड़ी संख्या में संघ से जुड़े लोगों ने अंतिम यात्रा में भाग लिया।
भईया जी की रिपोर्ट

