नवादा : जिला मुख्यालय स्थित गोवर्धन मंदिर के समीप निजी वैंकट हॉल में आयोजित श्रोत्रिय ब्राह्मणों का दो दिवसीय महासम्मेलन वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन में शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरदराज के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चारण से पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में गूंजता रहा।
शिक्षा और संस्कार को बताया समाज की मजबूत नींव
सम्मेलन में उपस्थित विद्वानों और प्रबुद्ध लोगों ने समाज के विकास में शिक्षा को सर्वोपरि पूंजी बताया। वक्ताओं ने कहा कि ब्राह्मण समाज अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा बनाए रखने के साथ बच्चों को संस्कारवान बनाने के लिए संकल्पित है। समाज की उन्नति के लिए शिक्षा और संस्कार पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
विवाह की जटिलताओं पर हुई चर्चा
सम्मेलन में विवाह को लेकर समाज में बढ़ती कठिनाइयों पर चिंता जतायी गयी। वक्ताओं ने कहा कि आर्थिक विपन्नता के कारण गरीब परिवारों को बच्चों की शादी करने में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए समाज के प्रबुद्ध और सक्षम लोगों को आगे आना चाहिए। ललित किशोर शर्मा ने कहा कि समाज के गरीब परिवारों को मदद की जरूरत है। उनके सहयोग से ही समाज का कल्याण संभव है। वरीय संवाददाता राजेश दत्त पांडेय ने गरीब परिवारों को उदारता से आर्थिक सहायता देने और समाज के हित में संकल्पित होकर काम करने का आह्वान किया।
बाल विवाह रोकने और सामाजिक सहयोग का संकल्प
श्रोत्रिय ब्राह्मण विवाह परिवार संगठन के संस्थापक रवि शंकर कौशिक ने कहा कि विवाह जैसी सामाजिक जटिलताओं को सरल बनाने की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति की है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में यह संकल्प लिया गया कि बेटियों की शादी 18 वर्ष और बेटों की शादी 21 वर्ष की उम्र पूरी होने के बाद ही की जाएगी। इसके साथ ही विवाह संबंधी समस्याओं को दूर करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से समाज सुधार की दिशा में यह सम्मेलन हर वर्ष प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आयोजित किया जाता है। इस वर्ष नवादा में इसका आयोजन किया गया।
धार्मिक पुस्तक का विमोचन, अतिथियों को किया सम्मानित
समापन समारोह में संगठन की ओर से धार्मिक पुस्तक का विमोचन किया गया। साथ ही सम्मेलन में आए अतिथियों को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन रविंद्र पांडेय ने किया। इस अवसर पर रवि रंजन, श्रवण पांडेय, महेश पांडेय, संजय पांडेय, विनायक मिश्रा, राम प्रिय पांडेय, श्रीकांत शर्मा, अनिल कुमार शर्मा, विनोद पांडेय, सुरेंद्र पांडेय, निवास पांडेय, पवन पांडेय, सुबोध पांडेय, प्रमोद पांडेय और पंकज पांडेय सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट