नवादा : जिले के वारिसलीगंज. थाना क्षेत्र के हेमजा गांव के समीप नदी किनारे ससुराल जा रहे युवक को पकड़कर जबरन जहर पिलाने और हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना में दरियापुर गांव निवासी अमित कुमार उर्फ अजीत की मौत हो गई। मृतक के भाई मनीष कुमार ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सास ने फोन कर दी हत्या की सूचना
प्राथमिकी के अनुसार, नारदीगंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी महेंद्र सिंह के पुत्र अमित कुमार उर्फ अजीत 25 अक्टूबर की शाम बाइक से अपने ससुराल हेमजा गांव जाने के लिए निकले थे। रात करीब 12 बजे उनकी सास सविता देवी ने फोन कर परिजनों को घटना की सूचना दी। बताया गया कि अमित सड़क किनारे कराह रहे थे।
मृत्यु से पहले बताये चार लोगों के नाम
परिजनों के अनुसार, मौके पर अमित ने अपने भाई को बताया कि चार लोगों ने उन्हें पकड़कर जबरन जहर पिला दिया। उन्होंने आरोपितों के रूप में ओम प्रकाश उर्फ कन्हैया, पप्पू सिंह उर्फ रविन्द्र, लाला और शिवम की पहचान बताई। इसके बाद परिजन उन्हें वारिसलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए विम्स, पावापुरी रेफर कर दिया गया। हालांकि, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पुराने विवाद में धमकी देने का आरोप
26 अक्टूबर को पोस्टमार्टम के बाद शव का दाह संस्कार कर दिया गया। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि पूर्व में मारपीट को लेकर नारदीगंज थाना कांड संख्या 247/23 दर्ज कराया गया था। इसी मामले में समझौता नहीं करने पर आरोपितों की ओर से अंजाम भुगतने की धमकी दी जा रही थी। मृतक के भाई के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि अनुसंधान के बाद ही हो सकेगी।

भईया जी की रिपोर्ट
