नवादा : जिले के हसुआ स्थित प्रोजेक्ट एमपीएस कन्या इंटर विद्यालय में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के अंतर्गत ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला व्यवहार न्यायालय की अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती विजिया कुमारी ने छात्राओं को बाल संरक्षण, उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।
इस दौरान छात्राओं को पाक्सो एक्ट 2012 के प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया गया। अभियान का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और बाल अपराधों की रोकथाम के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. राजेश कुमार ने किया। संगीत शिक्षिका कंचन कुमारी एवं छात्राओं ने गीत-संगीत के माध्यम से बाल संरक्षण का संदेश दिया।
विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका सुमन राउत ने पुष्पगुच्छ देकर न्यायाधीश का स्वागत किया। स्काउट एंड गाइड की छात्राओं ने ड्रम बजाकर और पुष्पवर्षा कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को अपने अधिकारों को समझने, जागरूक रहने और सुरक्षित बचपन के महत्व का संदेश दिया गया।
भईया जी की रिपोर्ट