अरवल – अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के 2 नवंबर को आयोजित होने वाले खेग्रामस का जिला सम्मेलन की तैयारी को लेकर भाकपा माले के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक महानंद सिंह ने दर्जनों गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने कोइल, इस्माईलपुर, पहलेजा, जयपुर, उसरी, केयाल सहित कई गांवों में ग्रामीणों और गरीब-मजदूर परिवारों से मुलाकात कर सम्मेलन में भाग लेने की अपील की। जनसंपर्क अभियान के दौरान महानंद सिंह ने कहा कि भाजपा-आरएसएस की सरकार गरीबों, मजदूरों और वंचितों की आवाज को दबाना चाहती है। गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं।
वहीं पहलेजा में महादलित परिवारों के घरों को बुलडोजर से ढहाया जा रहा है। इसका विरोध करने पर 80 वर्षीय वृद्ध महिला समेत तीन लोगों को जेल में बंद कर दिया गया है तथा अन्य महिलाओं पर भी मुकदमे दर्ज किए गए हैं। यह गरीबों के अधिकारों और सम्मान से जुड़ा गंभीर सवाल है।उन्होंने कहा कि अरवल के पिछड़े इलाकों में सरकारी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उसरी बाजार में उपस्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने की योजना थी। इसके लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बावजूद निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के गरीबों को स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है।
गरीबों को उजाड़ने के बजाय उन्हें पक्का आवास, रोजगार, शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेवारी है। गरीबों के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत करने के लिए खेग्रामस का जिला सम्मेलन महत्वपूर्ण होगा। 2 नवंबर 2026 को अरवल बस स्टैंड के पीछे कारगिल पार्क में अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा का जिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन को भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य संबोधित करेंगे।
इसके साथ ही शहीद कॉमरेड शाह चाँद समेत सात टाडा बंदियों की याद में श्रद्धांजलि सभा भी आयोजित की जाएगी। भाकपा माले अरवल प्रखंड सचिव महेंद्र प्रसाद ने टीम के साथ सरौती,अबगिला ,रामपुर चौरम,हैबतपुर सहित कई गांवों में बैठक व जनसंपर्क किया।भाकपा माले ने जिले के तमाम खेत मजदूरों, ग्रामीण गरीबों, महिलाओं, नौजवानों और न्याय पसंद नागरिकों से सम्मेलन एवं श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
भईया जी की रिपोर्ट
