अरवल – जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिले के अधिकाधिक विद्युत उपभोक्ताओं को योजना का लाभ सुगमतापूर्वक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, अरवल एवं कलेर, मुकुंद कुमार तथा सोलर पैनल अधिष्ठापन से संबंधित वेंडरों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले के इच्छुक विद्युत उपभोक्ताओं को अपने आवासीय परिसरों में रूफटॉप सोलर पैनल अधिष्ठापित कराने में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा विद्युत विभाग, संबंधित पदाधिकारियों एवं अधिकृत वेंडरों के बीच बेहतर एवं प्रभावी समन्वय स्थापित करना था। जिला पदाधिकारी द्वारा बैठक के दौरान निर्देश दिया गया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक किसी भी विद्युत उपभोक्ता को आवेदन, आवश्यक दस्तावेजों, वेंडर के चयन, सोलर पैनल के अधिष्ठापन, विद्युत कनेक्शन से संबंधित तकनीकी प्रक्रियाओं अथवा अनुदान प्राप्त करने में किसी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं वेंडरों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए इच्छुक उपभोक्ताओं को योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी, तकनीकी मार्गदर्शन एवं प्रक्रियागत सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि उपभोक्ता अपने घरों पर आसानी से सोलर पैनल अधिष्ठापित कराकर योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि विद्युत विभाग एवं संबंधित वेंडर उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान हेतु सक्रिय भूमिका निभाएँ तथा आवेदन से लेकर सोलर पैनल के अधिष्ठापन एवं अनुदान प्राप्ति तक की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत उपलब्ध अनुदान की जानकारी योजना के तहत पात्र घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर पैनल अधिष्ठापन हेतु केंद्र एवं बिहार सरकार द्वारा निम्नानुसार वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है एक किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल केंद्र सरकार द्वारा अनुदान 30,000 बिहार सरकार द्वारा अनुदान 10,000 कुल अनुदान 40,000 तक। दो किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल केंद्र सरकार द्वारा अनुदान – 60,000- बिहार सरकार द्वारा अनुदान 20,000 कुल अनुदान ₹80,000 तक। तीन किलोवाट अथवा उससे अधिक क्षमता का सोलर पैनल केंद्र सरकार द्वारा अनुदान 78,000 बिहार सरकार द्वारा अनुदान 20,000 कुल अनुदान – 98,000 तक। योजना के अंतर्गत अनुदान का प्रावधान 31 मार्च 2027 तक किया गया है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। इस योजना के माध्यम से आम नागरिक अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल अधिष्ठापित कराकर बिजली के खर्च में कमी ला सकते हैं। साथ ही, स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिकाधिक विद्युत उपभोक्ता योजना के लाभ, अनुदान की राशि एवं आवेदन की प्रक्रिया से अवगत हो सकें। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल योजना का प्रचार-प्रसार करना नहीं, बल्कि इच्छुक एवं पात्र उपभोक्ताओं को सोलर पैनल के सफल अधिष्ठापन तक आवश्यक सहयोग एवं सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। इसके लिए विद्युत विभाग, पंचायत स्तरीय पदाधिकारियों एवं संबंधित वेंडरों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

जिला प्रशासन अरवल की आम नागरिकों से अपील
जिला प्रशासन, अरवल द्वारा जिले के सभी पात्र घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे पीएम सूर्य घर रू मुफ्त बिजली योजना का अधिकाधिक लाभ उठाएँ तथा अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल अधिष्ठापित कराकर बिजली के खर्च में बचत करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने में सहभागी बनें। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन हेतु आधिकारिक पोर्टल www.pmsuryaghar.gov.in अथवा टोल-फ्री नंबर 15555 पर संपर्क किया जा सकता है।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट

