अरवल – कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार, पटना तथा जिला प्रशासन, अरवल के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन इंडोर स्टेडियम, अरवल में किया गया। जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस वर्ष युवा उत्सव का मुख्य विषय ‘विकसित भारत एवं नशा मुक्त भारत’ रखा गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को अपनी कला, संस्कृति एवं रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना तथा उनके माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

उद्घाटन समारोह के अवसर पर उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और उसकी प्रगति के आधार होते हैं। देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। इस प्रकार के आयोजन युवाओं की प्रतिभा को निखारने, उनमें आत्मविश्वास विकसित करने तथा अपनी सांस्कृ तिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने युवा प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा अपनी ऊर्जा, ज्ञान, कौशल और रचनात्मक क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास में बाधक है। युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहकर अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की आधारशिला हैं। जिला स्तरीय युवा उत्सव में जिले के कुल 30 विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कुल 94 प्रतिभागियों की सहभागिता रही। इनमें लोक समूह गायन में 52, लोक समूह नृत्य में 32 तथा चित्रकला प्रतियोगिता में 10 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति से उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

प्रतियोगिताओं के परिणाम निम्नवत रहे-
लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्लस टू उच्च विद्यालय, जयपुर कलेर। द्वितीय स्थान प्लस टू उच्च विद्यालय, फखरपुर, अरवल। तृतीय स्थान प्लस टू उच्च विद्यालय, किंजर। लोक समूह नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्लस टू उच्च विद्यालय, करपी। द्वितीय स्थान पीएम श्री उच्च विद्यालय, रोहाई। चित्रकला प्रतियोगिता चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्लस टू उच्च विद्यालय, बेलसार कलेर के प्रतिभागियों ने प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं कलात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से भारतीय लोक संस्कृति, परंपरा, सामाजिक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिताओं के आयोजन से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना, अनुशासन एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा मिला। जिला प्रशासन, अरवल द्वारा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। युवा उत्सव न केवल स्थानीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का माध्यम है, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने तथा विकसित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूक करने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है। जिला प्रशासन की ओर से सभी प्रतिभागी विद्यालयों, शिक्षकगणों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट
