नवादा : कृषि विभाग के तत्वावधान में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), नवादा द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला-सह-प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा अजीत प्रकाश ने किया। मेला जिला कृषि प्रक्षेत्र, शोभिया में आयोजित किया जा रहा है, जो 30 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। मेले में जिले के सभी 14 प्रखंडों के प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। किसानों द्वारा उन्नत कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई।
कृषि एवं संबद्ध विभागों के स्टॉल के माध्यम से किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, अनुदान तथा आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी दी गई। कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक रविकांत चौबे एवं अगंद कुमार ने किसानों को रबी फसलों की उन्नत खेती, कीट-व्याधि प्रबंधन तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी। इस अवसर पर प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा किए। सिरदला प्रखंड के युवा किसान अनुराग कुमार ने फसल विविधीकरण के अंतर्गत समेकित कृषि प्रणाली एवं मल्टीलेयर फार्मिंग की जानकारी दी।
वहीं, रोह प्रखंड के युवा किसान श्री गुरु सरंग ने बकरी पालन के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारी कार्यों एवं अपने अनुभवों को साझा किया। मेले के प्रथम दिन जिले के आठ प्रखंडों से आए किसानों ने भाग लिया तथा कृषि वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों से कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम में कृषि अभियंत्रण, उद्यान, भूमि संरक्षण, बीज उत्पादन एवं विपणन, प्रक्षेत्र, बीज विश्लेषण तथा मिट्टी जांच सहित कृषि विभाग के विभिन्न पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक एवं किसान सलाहकार उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट