नवादा : कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 का शुभारंभ केएलएस कॉलेज स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह उत्सव 29 एवं 30 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जिले के युवाओं की कलात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा कला, संगीत एवं अन्य प्रदर्शन कलाओं को प्रोत्साहित करना है।
महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। समूह लोक नृत्य, समूह लोकगीत एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जबकि दिनांक 30.10.2026 को नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन एवं पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि गायन, नृत्य, संगीत सहित विभिन्न कलाएं समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कला एवं संस्कृति न केवल हमारी परंपराओं और विरासत को संरक्षित करती हैं, बल्कि सामाजिक बुराइयों को दूर करने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सामने लाने में भी सहायक होती हैं।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन एवं मंच उपलब्ध कराया जाए। जिला स्तरीय युवा उत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और अपनी कला को नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कला के क्षेत्र में भी बेहतर करियर निर्माण की व्यापक संभावनाएं उपलब्ध हैं।
गायन, नृत्य, संगीत, चित्रकला, नाटक एवं अन्य रचनात्मक विधाओं में प्रतिभाशाली युवा अपनी रुचि और कौशल के बल पर न केवल अपनी अलग पहचान बना सकते हैं, बल्कि रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी प्राप्त कर सकते हैं। आवश्यकता है कि युवा अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयास करें और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार द्वारा कलाकारों को पेंशन प्रदान करने की योजना संचालित की जा रही है। जिले में विभिन्न कलाकारों को भी पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है।इससे कलाकारों को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ कला एवं संस्कृति के संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों में छिपी कलात्मक प्रतिभा को पहचानें तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि वे जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। इस अवसर पर अपर समाहर्ता, गोपनीय शाखा प्रभारी, प्रभारी जिला जन-सम्पर्क पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) तथा केएलएस कॉलेज के प्राचार्य सहित अन्य पदाधिकारी, प्रतिभागी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट