नवादा : जिले की सिरदला थाना क्षेत्र के परतापुर बाजार में चोरों ने इलेक्ट्रॉनिक दुकान का ताला तोड़कर करीब तीन लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली। चोर दुकान से 80 हजार रुपये नकद, महंगे मोबाइल फोन और साउंड सिस्टम के उपकरण लेकर फरार हो गये। चोरी की वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गयी।
परतापुर बाजार स्थित GS Electronic & Sound दुकान के संचालक मोहम्मद एहसान उर्फ गोल्डन को चोरी से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. दुकान से Apple iPhone 13 Pro Max, वीवो समेत अन्य मोबाइल फोन, एलईडी और साउंड सिस्टम के महंगे उपकरण गायब हैं। नकदी और सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गयी है।
चोरी के दौरान चोर ने दुकान में लगे CCTV कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि, वह रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने वाले DVR को नहीं खोज पाया। इस वजह से उसकी गतिविधियां कैमरे में कैद हो गयीं। फुटेज में चोर के चेहरे का आधा हिस्सा गमछे से ढका दिखाई दे रहा है। दुकानदार ने रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी है। अब फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
घटना के बाद दुकानदार ने सिरदला थाने में शिकायत दर्ज कर चोरी गये सामान की बरामदगी की मांग की। थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। पुलिस घटनास्थल की जांच करने के साथ CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है। दुकानदार ने चोरी हुए Apple iPhone का IMEI नम्बर पुलिस को उपलब्ध कराया है। इससे मोबाइल की पहचान और संभावित ट्रैकिंग में मदद मिल सकती है। पुलिस चोर की पहचान कर गिरफ्तारी और चोरी गये सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
भईया जी की रिपोर्ट