पूर्णिया के रूपौली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसमें पत्नी के अपने ही जीजा संग अवैध संबंधों का विरोध करने और उसके बार-बार मायके जाने से परेशान एक पति की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान आझोकोपा निवासी अनिल साह के पुत्र संतोष साह के रूप में हुई है। रुपौली थाना क्षेत्र के ही डोभा गोठ बस्ती स्थित ससुराल में संतोष का शव आज सुबह फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि संतोष की गला घोंट कर हत्या की गई और फिर वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। पुलिस ने पत्नी और साढ़ू समेत चार लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के पीछे लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक और प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद की बात सामने आई है। मृतक के पिता अनिल साह और भाई कृष्ण कुमार ने आरोप लगाया कि संतोष अपनी पत्नी रीना देवी और अपने साढ़ू बिपिन साह के बीच चल रहे कथित प्रेम प्रसंग का लगातार विरोध करता था। परिजनों का दावा है कि पत्नी के इस अवैध संबंध से जुड़े कई पुख्ता साक्ष्य और रिकॉर्डिंग्स मृतक के मोबाइल फोन में मौजूद हैं। विरोध करने पर संतोष को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। पत्नी के बिना बताए बार-बार मायके चले जाने को लेकर भी अक्सर दोनों में विवाद होता रहता था। विवाद सुलझाने और पत्नी को लिवाने के उद्देश्य से संतोष मंगलवार की शाम अपने ससुराल डोभा गोठ बस्ती गया हुआ था। आज सुबह पड़ोसियों ने फोन कर संतोष के परिजनों को सूचना दी कि उसकी मौत हो गई है। शुरुआत में परिजनों को गुमराह करने के लिए जहर खाने या सोने की बात कही गई।
जब परिजन ससुराल पहुंचे तो वहां संतोष का शव फंदे से झूल रहा था। उसके शरीर पर मारपीट और चोट के निशान पाए गए, जिससे परिजनों ने हत्या की पूरी आशंका जताई। मृतक के पिता के लिखित आवेदन पर रूपौली पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पत्नी रीना देवी, कांप गांव निवासी साढ़ू बिपिन साह, साली साबो देवी और सास बिमला देवी के खिलाफ हत्या और साजिश रचने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। घटना के बाद से ही सभी चारों नामजद आरोपी घर छोड़कर फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। रूपौली थाना पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक के पिता के आवेदन पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की हर पहलू से तफ्तीश की जा रही है।