MLC चुनाव में नतीजों की तस्वीर धीरे-धीरे साफ हो रही है। चुनाव वाली आठ सीटों में से छह पर नतीजे आ चुके हैं। बाकी दो सीटों की मतगणना पर सबकी नजर टिकी है। कोसी स्नातक सीट पर बीजेपी प्रत्याशी डॉ. एनके यादव ने जीत की हैट्रिक लगाई है। वहीं, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव जीतकर सुरेश प्रसाद राय जन सुराज के पहले MLC बन गए हैं। लेकिन जन सुराज को बिहार विधान परिषद चुनाव में सारण में झटका लगा है। सारण शिक्षक से मौजूदा MLC एवं जन सुराज उम्मीदवार आफाक अहमद अपनी सीट नहीं बचा पाए। उधर पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार 2,279 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं। यहां दूसरी वरीयता के मतों की गिनती अंतिम चरण में पहुंच गई है। अब बस आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

अब तक घोषित 6 सीटों के नतीजों में पटना शिक्षक सीट परु राजद कैंडिडेट डॉ. संजीव जीते तो तिरहुत शिक्षक सीट पर बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने बाजी मारी है। वहीं दरभंगा शिक्षक सीट पर जनसुराज पार्टी के सुरेश राय जीते हैं, जबकि
सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय राहुल राज की जीत हुई है। इधर पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार जीत की ओर हैं। यहां आधिकारिक घोषणा बाकी है। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा से उम्मीदवार एनके यादव ने तीसरी बार जीत दर्ज कर ली है। दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चौंकाने वाला परिणाम सामने आया है। यहां प्रशांत किशोर की पार्टी की ओर से बड़ा उलटफेर करते हुए सुरेश प्रसाद राय जन सुराज के पहले MLC बन गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा को हराया है। सुरेश प्रसाद राय पहली प्राथमिकता वाले वोटों की गिनती में शुरुआत से ही बढ़त बना ली और अंत तक इसे कायम रखा। मदन मोहन झा तो मतगणना पूरी होने से पहले ही काउंटिंग सेंटर से चले गए।
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस, लालू यादव की राष्ट्रीय जनता दल और सीपीएम, सभी मैदान में थे। इस त्रिकोणीय मुकाबले का फायदा जन सुराज को मिला। बिहार विधानसभा के बाद अब बिहार विधान परिषद में भी जन सुराज पार्टी का खाता खुल गया है। इन चुनावी नतीजों की खास बात यह रही िकि 30 साल से बीजेपी के नवल यादव पटना शिक्षक सीट पर जीतते रहे थे। लेकिन इसबार उन्हें यहां पर हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि, बीजेपी ने दरभंगा स्नातक, तिरहुत शिक्षक और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल की। जबकि जदयू ने पटना स्नातक सीट पर कब्जा करीब—करीब जमा लिया है।
