नवादा : जिले की महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर और ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इनर व्हील क्लब, नवादा की सदस्यों ने पोस्टमार्टम रोड में पिंक रैली निकाली। रैली के माध्यम से लोगों को कैंसर के लक्षणों, समय पर जांच और उचित उपचार के महत्व की जानकारी दी गयी। कार्यक्रम के अंत में जागरूकता का संदेश देते हुए गुब्बारे उड़ाये गये।

क्लब की प्रेसिडेंट रेखा रानी ने कहा कि पिंक रैली निकालने का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और समाज के लोगों के बीच कैंसर को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। यह गंभीर बीमारी कई महिलाओं की जान ले लेती है। ऐसे में महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए और बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
संजीवन हॉस्पिटल से जुड़ीं और क्लब की सदस्य डॉ. पिंकी बरनवाल ने कहा कि महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर के प्रति विशेष रूप से जागरूक रहने की जरूरत है। स्तन में गांठ, आकार में बदलाव या किसी अन्य असामान्य लक्षण के दिखाई देने पर चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। समय पर जांच से बीमारी की पहचान और उचित उपचार में मदद मिलती है।
डॉ. पिंकी बरनवाल ने महिलाओं को संतुलित आहार लेने, जंक फूड के बजाय हरी साग-सब्जियों को प्राथमिकता देने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कैंसर को लेकर समाज में फैली झिझक और भ्रांतियों को दूर करना जरूरी है। शर्म और संकोच के कारण कई महिलाएं समय पर जांच और इलाज नहीं कराती हैं, जिससे बीमारी गंभीर रूप ले सकती है।

महिलाओं को अपनी स्वास्थ्य समस्याओं पर बिना किसी झिझक के चर्चा करनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। पिंक रैली में प्रेसिडेंट रेखा रानी, डॉ. पिंकी बरनवाल, सावित्री बरनवाल, आशा देवी और रजनी कुमारी सहित क्लब की अन्य सदस्य शामिल हुईं। क्लब की ओर से संदेश दिया गया कि अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना और सकारात्मक सोच के साथ स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देना जरूरी है।
भईया जी की रिपोर्ट

