नवादा : मगध विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में केएलएस कॉलेज, नवादा के छात्र अमित कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। एसएन सिन्हा कॉलेज, जहानाबाद की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में अमित ने 95 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर कॉलेज और जिले का नाम रोशन किया। अमित केएलएस कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग में सत्र 2025-29 के छात्र हैं।
इस उपलब्धि के आधार पर अब वह नवंबर में मेघालय में आयोजित होने वाली ईस्ट जोन वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में मगध विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।अंतर महाविद्यालय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अमित कुमार को ईस्ट जोन प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उनकी इस सफलता से केएलएस कॉलेज में खुशी का माहौल है। कॉलेज के शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों ने अमित को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
महाविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि अमित की उपलब्धि पर प्राचार्य प्रो. डॉ. शैलज कुमार श्रीवास्तव ने छात्र अमित कुमार और महाविद्यालय के खेल प्रभारी डॉ. पद्म प्रबोध को बधाई दी। प्राचार्य ने कहा कि केएलएस कॉलेज के विद्यार्थी खेल के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं, जो पूरे महाविद्यालय के लिए गौरव की बात है। प्रतियोगिता में विजेता अमित कुमार को एसएन सिन्हा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मेघन प्रसाद और एसएस कॉलेज, जहानाबाद के प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किये जाने के साथ केएलएस कॉलेज के खेल प्रभारी डॉ. पद्म प्रबोध को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
भईया जी की रिपोर्ट
