नवादा : वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के कोचगांव स्थित एक राइस मिल में ताला तोड़कर आगजनी और नकदी चोरी की घटना सामने आयी है। मिल संचालक ने घटना में करीब 65 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है। मामले में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध वारिसलीगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, कोचगांव निवासी प्रदीप कुमार, पिता अरविंद कुमार शर्मा, सहयोगी राइस मिल प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर हैं। उन्होंने बताया कि 23 अक्टूबर को रोज की तरह काम समाप्त होने के बाद मिल के सभी गोदामों और परिसर में ताला लगाकर उसे बंद कर दिया गया था। सुबह जब वह मिल पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और गेट खुला मिला। अंदर जाने पर देखा कि गोदाम में रखे स्टॉक में आग लगी हुई थी और आग तेजी से फैल रही थी।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और अग्निशमन दस्ते को बुलाया गया। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद मिल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गयी। मिल संचालक के अनुसार, फुटेज में तीन अज्ञात व्यक्ति ताला तोड़ते, आग लगाते और नकदी ले जाते दिख रहे हैं। घटनास्थल से ज्वलनशील पदार्थ का एक डिब्बा भी बरामद किया गया है।
मिल संचालक ने घटना में करीब 65 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही आगजनी, चोरी और नुकसान से संबंधित सभी पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
भईया जी की रिपोर्ट