नवादा : जिले में स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला प्रीमियर टी-20 क्रिकेट लीग का हरिश्चंद्र स्टेडियम में शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुकाबले में नवादा टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नवादा वॉरियर्स को पांच विकेट से हरा दिया। पहले गेंदबाजी में दम दिखाने के बाद टाइटंस के बल्लेबाजों ने लक्ष्य हासिल कर टीम को जीत दिलायी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सदर अनुमंडल पदाधिकारी अमित अनुराग, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुलास कुमार और शिक्षा विभाग के डीपीओ ऋषु राज सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है. ऐसी प्रतियोगिताएं स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर देती हैं।
उद्घाटन मुकाबले में टॉस जीतकर नवादा टाइटंस ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी नवादा वॉरियर्स की टीम 16.4 ओवर में 111 रन बनाकर ऑल आउट हो गयी। टीम की ओर से आदित्य ने 26, विक्रम ने 16 और दिलकश ने 14 रन बनाये। नवादा टाइटंस की ओर से अनुराग और अनुराग पाराशर ने तीन-तीन विकेट हासिल किये, जबकि पीयूष सिंह ने दो विकेट चटकाये। गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के कारण वॉरियर्स की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।
112 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नवादा टाइटंस की टीम ने 16.1 ओवर में पांच विकेट पर 114 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया. दर्शित राज ने नाबाद 49 रन की पारी खेली, जबकि अनुराग संजू ने 43 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। नवादा वॉरियर्स की ओर से आदर्श वर्धन ने दो विकेट हासिल किये, लेकिन वह अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके। गेंद और बल्ले से प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले नवादा टाइटंस के अनुराग संजू को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच में अंपायर की भूमिका विकास कुमार और अजीत पांडे ने निभायी, जबकि आशीष पटेल मैच रेफरी रहे।
मौके पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार मुरारी, पूर्व अध्यक्ष रोहित कुमार सिन्हा, निवर्तमान सचिव मनीष आनंद, संयुक्त सचिव सुरेश यादव, प्लेयर प्रतिनिधि मनीष गोविंद, क्लब प्रतिनिधि अरुण यादव, वरीय चयनकर्ता सुभाष प्रसाद, निशांत कुमार, खिलाड़ी गुलशन कुमार, अजय कुमार, निशा राजवंशी, अजीत शंकर, तेजस सिन्हा, सौरभ सुमन, अविनाश कुमार, श्यामदेव और राजेश कुमार समेत विभिन्न टीमों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला प्रीमियर टी-20 क्रिकेट लीग से नवादा के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
भईया जी की रिपोर्ट