नवादा : जनसुराज समर्थित पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार करने और पार्टी के कथित निर्देशों के विपरीत गतिविधियों को लेकर अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित किए जाने के बाद भी उनके समर्थकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। नवादा के न्यू एरिया में समर्थकों ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। इस दौरान अनंत सिंह के समर्थन में जमकर नारेबाजी की गयी। समर्थकों का कहना था कि अनंत सिंह की अपनी राजनीतिक पहचान और जनाधार है। उन्हें पार्टी से बाहर किए जाने का उनके राजनीतिक प्रभाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
समर्थकों ने दावा किया कि पार्टी की पहचान अनंत सिंह से है, न कि अनंत सिंह की पहचान पार्टी से. उन्होंने कहा कि अनंत सिंह के प्रति लोगों का समर्थन आगे भी बना रहेगा। गौरतलब है कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में अनंत सिंह ने डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार किया था। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर मतदाताओं से अनुज सिंह के पक्ष में वोट देने की अपील की थी। पार्टी ने इसे अपने निर्देशों के विपरीत गतिविधि मानते हुए अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई की।
समर्थकों का दावा है कि डॉ. अनुज सिंह को अनंत सिंह का समर्थन मिलने से चुनाव में फायदा होगा। हालांकि, चुनाव में जीत और बहुमत से जुड़े दावों की पुष्टि परिणाम आने के बाद ही हो सकेगी। समर्थकों के अनुसार, अनंत सिंह के निष्कासन के बाद पटना स्थित उनके सरकारी आवास के साथ बाढ़ और बख्तियारपुर में भी जश्न मनाया गया। इसी कड़ी में नवादा के न्यू एरिया में पटाखे फोड़कर खुशी जतायी गयी। समर्थकों ने कहा कि अनंत सिंह का अपना राजनीतिक दायरा है और पार्टी के फैसले से उनके उत्साह में कमी नहीं आयी है।
भईया जी की रिपोर्ट