नवादा : जिले के 11 बालू घाटों की पुर्न बंदोबस्ती करायी जाएगी। 23 नवम्बर को सभी बालू घाटों की बंदोबस्ती ई-नीलामी प्रक्रिया ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल से करायी जाएगी। इसके लिए 17 नवम्बर तक बालू घाटों के लिए निर्धारित अग्रधन राशि एवं ऑक्शन प्रोसेसिंग फीस ऑनलाइन जमा तथा निविदा दस्तावेज अपलोड किये जा सकेंगे। 20 नवम्बर को तकनीकी निववाद की जांच होगी व इसी दिन सफल निविदादाताओं की सूची सिस्टम में अपलोड कर दी जाएगी। ई-नीलामी प्रक्रिया 23 नवम्बर की सुबह 11 बजे से दोपहर 01 बजे तक संपन्न होगी। जिला खनन पदाधिकारी प्रत्यय अमन ने बताया कि बालू खण्डों/बालू घाटों की विस्तृत विवरणी नवादा जिला के वेबसाइट nawada.nic.in पर देखी जा सकती है। बंदोबस्ती में भाग लेने वाले लोगों/फर्म/कम्पनियों को ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर निबंधन कराना अनिवार्य होगा।

समानुदान अवधि के लिए बंदोबस्ती
जिला खनन पदाधिकारी के मुताबिक बालू घाटों की बंदोबस्ती नीलामी के माध्यम से शेष समानुदान अवधि के लिए करायी जाएगी। इन बालू घाटों में सकरी नदी पर स्थित ब्लॉक नंबर-02, 03, 05, ,06 एवं 07 तथा धाधर नदी पर स्थित ब्लॉक नंबर-09, खुरी नदी पर स्थित ब्लॉक नंबर-17, तिलैया नदी पर स्थित ब्लॉक नंबर-20, 22 एवं 23 तथा धनार्जय नदी पर स्थित ब्लॉक नंबर-28 शामिल हैं। ये सभी बालू घाट या तो प्रत्यार्पित हैं या बंदोबस्ती रद्द किये गये हैं अथवा इनके सैद्धांतिक स्वीकृत्यादेश प्रतसंहृत हैं। बता दें कि 2022 में बालू घाटों की बंदोबस्ती पांच वर्षों के लिए करायी गयी थी। पृथक-पृथक कारणों से उपरोक्त बालू घाट वर्तमान में बंद हैं।
जिले में बालू घाटों की मौजूदा स्थिति
-15 बालू घाट हैं वर्तमान में बंदोबस्त जिले के 15 बालू घाट वर्तमान में बंदोबस्त है जिन पर खनन व उठाव की प्रक्रिया चल रही है। 15 जून से पूर्व तक 17 बालू घाट चालू थे। जिसमें से 02 बालू घाटों (ब्लॉक नंबर-18 व 29) के संवेदकों ने विभिन्न कारणवश बालू घाटों को चलाने में असमर्थता जताते हुए इन्हें विभाग के पास सरेंडर कर दिया। बता दें कि जिले में पूर्व से 31 बालू घाट हैं। इनमें से 03 बालू घाटों को राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (सिया) द्वारा रद्द करते हुए इन पर खनन व उठाव की अनुमति नहीं है। जबकि 11 बालू घाटों पर पुर्न निविदा की प्रक्रिया चल रही है। बंदोबस्ती के प्रश्चात इन बालू घाटों पर खनन व उठाव शुरू किया जा सकेगा।
भईया जी की रिपोर्ट

