भागलपुर के नवगछिया पुलिस जिले में आज शनिवार की सुबह एक सब इंस्पेक्टर का शव उसके सरकारी क्वार्टर में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान हाल ही में जमादार से सब इंस्पेक्टर के पद पर प्रोन्नत हुए दारोगा योगेश कुमार के रूप में हुई है। योगेश मूल रूप से बांका के रहने वाले थे और फिलहाल वे नवगछिया एसपी कार्यालय की अपराध शाखा में तैनात थे। आज सुबह उनकी बॉडी नवगछिया पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर में फंदे से लटकी मिली जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बताया जाता है कि शनिवार सुबह करीब 6 बजे एक सहकर्मी पुलिस अधिकारी जब योगेश कुमार के सरकारी क्वार्टर पर पहुंचा, तो उसने वहां योगेश का शव फंदे से लटका देखा। यह देखकर वह घबरा गया और तत्काल पुलिस लाइन के कर्मियों तथा वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

सब इंस्पेक्ट का शव उसके आवास में फंदे से लटके होने सूचना मिलने के बाद नवगछिया SP वैभव शर्मा, एसडीपीओ सईम रजा और मुख्यालय डीएसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू की गई। पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि योगेश कुमार की मौत किन परिस्थितियों में हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक सब इंस्पेक्टर योगेश कुमार मूल रूप से बांका जिले के बौंसी प्रखंड के बाराहाट के रहने वाले थे। प्रोमोशन के बाद से वह नवगछिया एसपी कार्यालय की अपराध शाखा में तैनात थे और पुलिस लाइन में बने सरकारी क्वार्टर में अकेले रहते थे।
कुछ दिन पहले ही विभागीय पदोन्नति के बाद योगेश कुमार को जमादार से सब इंस्पेक्टर बनाया गया था। अभी योगेश कुमार पुलिस अधीक्षक के रीडर के तौर पर काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी शादी भी कुछ महीने पहले ही हुई थी। उनकी अचानक मौत के पीछे की वजह को लेकर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए FSL की टीम को बुलाया है। पुलिस फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर घटना की परिस्थितियों को समझने की कोशिश कर रही है। जांच में आत्महत्या की आशंका समेत अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखा जा रहा है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकेगा।
