गया मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिद्धार्थपुरी कॉलोनी में दरोगा के दो बेटों को गोली मारने वाले आरोपियों का पुलिस ने बीती देर रात एनकाउंटर कर दिया। इस मुठभेड़ के दौरान मामले के दो आरोपियों श्याम बिहारी और गौरव कुमार को पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया। बताया जाता है कि आरोपियों ने छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों के पैर में गोली मार दी और धर दबोचा। घायल आरोपियों की पहचान श्याम बिहारी और गौरव कुमार के रूप में हुई तथा दोनों को इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक छापेमारी के दौरान आरोपियों ने गोली चलाते हुए भागने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की
जानकारी के अनुसार मानपुर स्थित गया मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिद्धार्थपुरी कॉलोनी में महानवमी के दौरान बदमाशों ने मोतिहारी में तैनात दरोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के दो बेटों पर गोली चला दी थी। इस घटना में उनके छोटे बेटे रानू सिंह की मौत हो गई, जबकि बड़े बेटे मोनू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल मोनू को इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाने की जानकारी सामने आई। इस वारदात के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी कर रही थी। गया एसएसपी सुशील कुमार ने हाफ एनकाउंटर की पुष्टि की है। इस मामले में पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
दरोगा के दो बेटों को गोली मारने की घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। इसी कड़ी में 21 अक्टूबर को इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम गुरुवार की देर रात आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी करने पहुंची। बताया जा रहा है कि इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस की निगरानी में दोनों आरोपियों का इलाज चल रहा है।