नवादा : जिले के वारिसलीगंज नगर परिषद क्षेत्र के सांबे गांव से दुर्गा पूजा का मेला देखने गयी 14 वर्षीय नाबालिग के लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में परिजनों ने वारिसलीगंज थाने में आवेदन देकर पुलिस से पुत्री की खोजबीन कर बरामदगी की गुहार लगायी है। घटना के बाद से परिजन परेशान हैं और अपने स्तर से भी उसकी तलाश कर रहे हैं।
दुर्गा मंदिर में मेला देखने गयी थी बबीता
आवेदन के अनुसार, सांबे गांव निवासी पप्पू यादव की 14 वर्षीय पुत्री बबीता कुमारी रविवार की सुबह करीब 10 बजे गांव स्थित दुर्गा मंदिर में मेला देखने गयी थी। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। काफी देर तक पुत्री के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की।
खोजबीन के बाद भी नहीं मिला सुराग
परिजनों ने अपने स्तर से गांव और आसपास के इलाकों में बबीता की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। काफी प्रयास के बाद भी पुत्री का पता नहीं चलने पर पिता पप्पू यादव ने वारिसलीगंज थाने में आवेदन दिया। उन्होंने पुलिस से अपनी पुत्री को जल्द बरामद करने की मांग की है। पुलिस को आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट