नवादा : जिले की प्रतिभाएं कला, साहित्य और सिनेमा के क्षेत्र में लगातार अपनी पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में जिले के रजौली प्रखंड अमावां गांव निवासी कलाकार अमित कुमार सिंह ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा से अलग पहचान बनायी है। उनकी हिंदी लघु फिल्म ‘आयिना’ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई फिल्म समारोहों में पुरस्कार मिले हैं। फिल्म को मिली इन उपलब्धियों से जिले के साथ बिहार का नाम भी रोशन हुआ है।

अमित कुमार सिंह की हिंदी लघु फिल्म ‘आयिना’ को बिहार इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 में सर्वश्रेष्ठ लेखक का पुरस्कार मिला। वहीं, लेंसफेम अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2026 में फिल्म को सर्वश्रेष्ठ सामाजिक लघु फिल्म के सम्मान से नवाजा गया। इसी समारोह में अमित कुमार सिंह को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (लघु फिल्म) और सर्वश्रेष्ठ नवोदित फिल्म निर्माता की श्रेणियों में भी सम्मानित किया गया।
इसके अलावा, स्विट्जरलैंड इंटरनेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में ‘आयिना’ को सर्वश्रेष्ठ ड्रामा का पुरस्कार मिला। अलग-अलग फिल्म समारोहों में मिले इन सम्मानों ने फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलायी है। अमित कुमार सिंह का कलात्मक सफर रंगमंच से शुरू होकर स्वतंत्र सिनेमा तक पहुंचा है। उन्होंने दूरदर्शन त्रिपुरा और त्रिपुरा थियेटर से जुड़कर अपनी कला को निखारा। रंगमंच से मिले अनुभवों का इस्तेमाल उन्होंने फिल्म निर्माण में किया और सामाजिक विषयों पर आधारित कहानियों को दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में काम किया।
‘आयिना’ के माध्यम से अमित कुमार सिंह ने सामाजिक विषयों को फिल्मी पर्दे पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बीच फिल्म तैयार कर उन्होंने अभिनय, लेखन, निर्देशन और निर्माण के क्षेत्र में अपनी रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया है। फिल्म को मिले विभिन्न पुरस्कारों से उनके काम को पहचान मिली है। जिले के एक गांव से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में पहचान बनाना स्थानीय कलाकारों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है।

भईया जी की रिपोर्ट
