भोजपुर के संदेश थाना परिसर स्थित सिपाहियों के बैरक में बीती रात अचानक गोली चलने की खबर है। इस फायरिंग में एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई जिसके बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक होमगार्ड जवान की पहचान सहार थाना क्षेत्र के गुलजारपुर गांव निवासी 25 वर्षीय मोनल कुमार राय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मोनल राय को हाल ही में संदेश थाने में तैनात किया गया था। थाने के बैरक में अचानक रात 10 बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। रात के सन्नाटे में थाना परिसर में अचानक फायरिंग की आवाज गूंजने के बाद वहां आसपास मौजूद पुलिसकर्मी चौंक गए और थाना भवन की तरफ दौड़े। पूरे थाना परिसर में अफरा मच गई थी। गोली की आवाज सुनकर जब बाकी पुलिसकर्मी एवं अधिकारी बैंरक में पहुंचे तो देख कि होमगार्ड जवान को गोली लगी थी और वह घायल होकर वहां गिरा पड़ा था।

आनन फानन में पुलिसकर्मियों ने जख्मी होमगार्ड जवान को संदेश स्थित रेफरल अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सक ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए आरा रेफर कर दिया। सूत्रों ने बीती रात थाने के बैरक में जवानों के बीच वाद विवाद की बात कही है लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। बताया जाता है कि इसी विवाद के दौरान एक जवान की सर्विस राइफल से गोली चल गई जो वहां मौजूद होमगार्ड जवान मोनल राय के पेट में जा लगी। गोली चलने के बाद वहां जवानों के बीच अफरातफरी मच गई।
इधर पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस घटना में जिस जवान की सर्विस राइफल चली है, वह घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू की है। यह भी पता चला कि संदेश रेफरल अस्पताल से रेफर होने के बाद जब घायल होमगार्ड जवान को आरा ले जाया जा रहा था, उसी दौरान रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। एक निजी अस्पताल के डॉक्टर ने उसे देखने के बाद मृत होने की घोषणा की। सूचना पर भोजपुर के एसपी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एसपी ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटनावश और जवानों के बीच विवाद, दोनों पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
