पटना शिक्षक निर्वाचन सीट से राजद प्रत्याशी और JDU के परबत्ता से पूर्व विधायक डॉ. संजीव कुमार ने एक सनसनीखेज दावा किया है जिसमें उन्होंने कहा है कि मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने पटना शिक्षक सीट से बीजेपी के प्रत्याशी नवल किशोर यादव की जमकर पिटाई की थी। संजीव सिंह ने कहा कि अनंत सिंह ने उनके पटना स्थित सेंट्रल मॉल में गुंडई कर रहे नवल किशोर यादव को बांधकर पीटा था। राजद नेता ने कहा कि भाजपा के विधान पार्षद नवल किशोर यादव को तब सेंट्रल मॉ से बांध कर कार से हटाया गया था। जदयू से राजद में जा चुके पूर्व विधायक डॉक्टर संजीव कुमार को आरजेडी ने पटना शिक्षक निर्वाचन सीट से उतारा है।
डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि तब नवल किशोर यादव दबंगई करने के लिए अनंत सिंह के पटना सेंट्रल मॉल में ही घुस गए थे जिसके बाद अनंत सिंह ने बांध कर उनकी पिटाई की थी। संजीव कुमार इस समय हो रहे एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नवल किशोर यादव के खिलाफ बतौर राजद समर्थित उम्मीदवार मैदान में हैं। मीडिया के सामने संजीव कुमार ने कहा कि नवल किशोर यादव को आज भी अनंत सिंह का मार याद है। इसीलिए वे आज तक अनंत सिंह से परेशान रहते हैं। बकौल संजीव कुमार आज जिस जगह अनंत सिंह का मॉल है, वहां पर कभी एमएलसी रहते नवल किशोर यादव बार चलाते थे। उसी दौरान विवाद के बाद उनकी अनंत सिंह ने पिटाई की थी।
मालूम हो कि बिहार में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन की 8 सीटों पर एमएलसी का चुनाव हो रहा है। इन आठ सीटों में से पटना स्नातक और पटना शिक्षक निर्वाचन सीट के चुनाव को लेकर सियासी तापमान चरम पर है। खास बात यह है कि इन दोनों ही सीटों पर अनंत सिंह को लेकर माहौल गरमाया हुआ है। जहां पटना स्नातक सीट पर जदयू नीरज कुमार को जदयू के ही विधायक अनंत सिंह के तीव्र विरोध का सामना करना पड़ रहा है, वहीं पटना शिक्षक निर्वाचन सीट पर भाजपा के प्रत्याशी नवल किशोर यादव को अनंत सिंह का नाम लेकर विरोधी खेमा नीचा दिखाने में जुट गया है। हाल में एमएलसी चुनाव को लेकर सीएम हाउस में बैठक से निकल रहे नवल किशोर यादव से जब पत्रकारों ने चुनाव में अनंत सिंह फैक्टर को लेकर सवाल पूछा था तो वे भड़क गए थे। नवल किशोर यादव ने कहा कि कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हद है। जो न पूछे सो खेसारी के दाल। अनंत सिंह और फलना सिंह, इ सब पर हम कुछ नहीं बोलते।
