नवादा : जिले में खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने पिछले 24 घंटे में अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात वाहन जब्त किए और दो लोगों को गिरफ्तार किया। गोविन्दपुर से कोयला लदे तीन ट्रक, सिरदला से एक ट्रक समेत सात वाहन जब्त,दो गिरफ्तार,31 लाख जुर्माना।
अवैध खनन पर कार्रवाई
अवैध खनन व परिवहन मामले में बड़ी कार्रवाई की गयी है। खनन विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर सात वाहनों को जब्त कर लिया। इनमें तीन ट्रकों पर कोयला लदा था जबकि अन्य चार पर बालू लदे हुए थे। इस दौरान दो अवैध खननकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। ये कार्रवाई पिछले 24 घंटे के भीतर की गयी है।
03 ट्रकों को गोविन्दपुर इलाके से पकड़ा गया। इन पर कोयला लदा हुआ पाया गया जबकि 01 ट्रैक्टर सिरदला इलाके से तथा 03 इंजन रिक्शा थाली इलाके से जब्त किये गये। थाली से दो अवैध खननकर्ता पकड़े गये। वाहनों पर अवैध खनन व राजस्व चोरी के आरेाप में करीब 31 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है। वाहनों को संबंधित थानों को सौंप दिया गया है। डीएम व एसपी के निर्देश पर चलाये जा रहे छापेमारी अभियान में जिला खनन पदाधिकारी प्रत्यय अमन की मॉनिटरिंग में खान निरीक्षक संतोष प्रकाश झा व आजाद पासवान समेत संबंधित थानों के थानाध्यक्ष शामिल थे।
गोविन्दपुर से जब्त किये गये ट्रक
खनन टीम ने गुप्त सूचना पर तीन ट्रकों को गोविन्दपुर बाजार में गोविन्दपुर-बरेव मार्ग पर जांच के लिए रोका। तीनों वाहनों पर कोयला लदा हुआ पाया गया। इनमें से किसी भी वाहन पर परिवहन ई-चालान नहीं पाया गया। साथ ही वाहनों पर ओवरलोड कोयला लदा हुआ पाया गया। तीनों ट्रकों निबंधन संख्या-बीआर 01 जीक्यू 6982, डब्ल्यूबी 57 ई 6139 व बीआर 52 जी 2931 को जब्त कर धर्मकांटा पर वजन कराया गया। इसके बाद तीनों को गोविन्दपुर पुलिस को विधिवत सौंप दिया गया। तीनों वाहनों पर करीब 30 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया।
थाली व सिरदला में छापेमारी
खनन टीम ने सिरदला के महवतपुर इलाके में छापेमारी कर अवैध रूप से बिना चालान के बालू लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर को रोका। चालक वाहन लेकर भागने लगा। परंतु पुलिस से घिरने पर वाहन छोड़कर कूद कर भाग निकला। वाहन जब्त कर सिरदला पुलिस को सौंप दिया गया। वाहन पर 01 लाख 142 रुपये जुर्माना लगाया गया है। वहीं खनन टीम ने इससे पूर्व तीन इंजन रिक्शा को थाली इलाके से जब्त कर लिया। तीनों पर बालू लदा हुआ पाया गया। इनमें से दो रिक्शा कुतरूचक इलाके से जब्त किया गया। दो लोगों को अवैध खनन के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं एक रिक्शा को पहलवान मोड़ के पास से जब्त किया गया। चालक मौके से भाग निकला। तीनों वाहनों को जब्त कर थाने में लगाया गया व प्राथमिकी दर्ज किया गया।
भईया जी की रिपोर्ट
