नवादा : मगध विश्वविद्यालय बोधगया से संबद्ध जिला मुख्यालय के राजेंद्र मेमोरियल कॉलेज प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार, शिक्षक डॉ. अनिल कुमार पटेल और नोडल प्रो. केशरनाथ पर गंभीर अनियमितता के आरोप लगे हैं। कॉलेज के दिनचर्या लिपिक प्रमोद कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर धर्मपाल कुमार और सुरक्षा प्रहरी दिनेश्वर यादव ने राज्यपाल, बिहार को शिकायत भेजी है। शिकायत की प्रतिलिपि कुलपति, कुलसचिव मगध विश्वविद्यालय और सचिव उच्च शिक्षा विभाग को दी गई है। शिकायत में आरोप है कि प्राचार्य की मिलीभगत से डॉ. अनिल पटेल और प्रो. केशरनाथ बिना कॉलेज आए उपस्थिति पंजी में एक-दूसरे के हस्ताक्षर कर देते हैं।

इसकी शिकायत तीन माह पूर्व विश्वविद्यालय से की गई थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। उल्टे शिकायत करने पर प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई की जा रही है। कर्मियों का आरोप है कि 11 वर्षों से कार्यरत सुरक्षा प्रहरी दिनेश्वर यादव और कंप्यूटर ऑपरेटर धर्मपाल कुमार को बिना गलती के हटा दिया गया। वहीं 12 अगस्त 2026 को लिपिक प्रमोद कुमार को जानबूझकर अनुपस्थित दिखाकर वेतन काट लिया गया। शिकायतकर्ताओं ने प्राचार्य द्वारा अग्रिम हस्ताक्षर, फर्जी हाजिरी और डीएल-सीएल में हस्ताक्षर के दर्जनों साक्ष्य संलग्न कर स्वतंत्र जांच और कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इसमें अन्य जानकारी नहीं दी गई है। वहीं कर्मियों का कहना है की उन्हें पूरा भरोसा है कि इसपर कार्रवाई होगी। अनियमित्ता बरतने वाले लोगों के लिए कार्रवाई अनिवार्य है। मामले में जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि इस तरह की लापरवाही पहले भी उजागर हो चुकी है। वहीं प्रशासन को सख्त होना अनिवार्य है। कारर्वाई के बाद ही लोग नियम का सख्ती के साथ पालन कर पाएंगे।
भईया जी की रिपोर्ट

