मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित सरकारी उच्च माध्यमिक स्कूल शाहबाजपुर में आज शुक्रवार को उस वक्त बड़ा हादसा हो गया जब विद्यालय की 3 छात्राएं 11 हजार वोल्ट के करंट वाली तार की चपेट में आ गईं। तीनों छज्ञत्राएं बुरी तरह झुलस गईं हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जाती है। जानकारी के अनुसार हादसा लंच के समय तब हुआ जब स्कूल की छत के पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में तीनों छत्राएं आ गईं। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गयी और झुलसी घायल छात्राओं को तुरंत एसकेएमसीएच ले जाया गया जहां उनमें से एक की हालत काफी गंभीर बतायी जा रही है।
छत पर लंच करने गयी थीं छात्राएं
एक घायल छात्रा नेहा ने बताया कि टिफिन के समय वह दूसरी छात्राओं के साथ खाना खाने के लिए स्कूल की छत पर गयी थी। इसी दौरान छत के पास की दीवार छूने पर उसे जोरदार करंट लगा और वह नीचे गिर गयी। उसके साथ मौजूद दूसरी छात्रा भी चिल्लाने लगी। बताया गया कि श्रुति नाम की छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए घायल छात्राओं को नीचे लाने में मदद की। हादसे के बाद स्कूल में मौजूद बच्चों के बीच दहशत फैल गयी। डर के कारण कई छात्र स्कूल परिसर से बाहर निकल गये। ग्रामीणों ने स्कूल परिसर के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार और बच्चों की सुरक्षा पर शिक्षा विभाग की लापरवाही को लेकर आक्रोश जताया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि करंट लगने से एक छात्रा के हाथ-पैर बुरी तरह झुलस गये थे। इसके बावजूद घायल छात्राओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए स्कूल का गेट समय पर नहीं खोला गया। उन्होंने बताया कि परिसर में स्कूल की गाड़ी मौजूद थी, लेकिन उसे भी छात्राओं को अस्पताल ले जाने के लिए उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने ऑटो रोककर घायल छात्राओं को एसकेएमसीएच पहुंचाया। वहीं इस हादसे में घायलों की संख्या को लेकर भी अलग-अलग दावे सामने आये हैं। स्कूल के एक शिक्षक ने जहां दो छात्राओं के घायल होने की बात कही, वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में तीन छात्राएं झुलसी हैं। फिलहाल एक छात्रा की हालत गंभीर बतायी जा रही है।
