नवादा : समाहर्त्ता श्री रवि प्रकाश के निर्देश के आलोक में अभियान बसेरा के अंतर्गत संभावित वासभूमिहीन लाभुकों से आवेदन प्राप्त करने एवं उन्हें पावती उपलब्ध कराने हेतु जिले के सभी अंचल कार्यालयों एवं सभी पंचायतों के पंचायत सरकार भवनों में अगले आदेश तक शिविर का आयोजन किया जाएगा।

शिविर में इच्छुक लाभुकों से प्राप्त प्रत्येक आवेदन को विधिवत प्राप्त करते हुए आवेदक को आवेदन संख्या एवं प्राप्ति तिथि अंकित निर्धारित प्रपत्र में पावती अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएगी। प्राप्त आवेदनों का विधिवत पंजी संधारित करते हुए अभियान बसेरा पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि की जाएगी। इसके उपरांत नियमानुसार जांच कर पात्र आवेदकों को अभियान बसेरा के अंतर्गत वासभूमि उपलब्ध कराने हेतु अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके लिए अंचल अधिकारी अपने-अपने अंचल के सभी पंचायत सरकार भवनों में शिविर आयोजित करने हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार पंचायत सचिव, आवास सहायक एवं विकास मित्र की पंचायतवार प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करेंगे।साथ ही, अंचल कार्यालयों में भी आवश्यक कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर शिविर का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, पंचायत सरकार भवन एवं अंचल कार्यालयों में लगातार आयोजित होने वाले शिविरों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। अपर समाहर्त्ता, नवादा, अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा एवं रजौली तथा भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, नवादा एवं रजौली को अभियान बसेरा के अंतर्गत संचालित उक्त कार्यों का विभागीय निर्देश के अनुरूप नियमित रूप से अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा संभावित वासभूमिहीन लाभुकों से अपील की गई है कि वे अभियान बसेरा के अंतर्गत वासभूमि प्राप्त करने हेतु आवेदन समर्पित करने के लिए राज्य मुख्यालय, पटना अथवा जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है। लाभुक अपने संबंधित अंचल कार्यालय अथवा पंचायत स्तर पर आयोजित शिविर में ही आवेदन समर्पित कर सकते हैं।

भईया जी की रिपोर्ट
