नवादा : मगध विश्वविद्यालय, बोधगया से संचालित केएलएस कॉलेज, नवादा के प्राध्यापकों ने अपने उत्कृष्ट शोध कार्यों और अकादमिक योगदान से महाविद्यालय का नाम राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। कॉलेज के दो प्रख्यात प्राध्यापकों ने अपने शोध प्रकाशनों और सिटेशन्स (उद्धरण) के माध्यम से यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

केएलएस कॉलेज के जनसंपर्क प्राधिकारी डॉ अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि कॉलेज के भौतिकी और गणित विभाग के विभागाध्यक्षों की यह उपलब्धि पूरे शैक्षणिक जगत के लिए गर्व का विषय है। भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुधाकर उपाध्याय ने शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 108 शोध प्रकाशन किए हैं। उनके शोध कार्यों की उच्च गुणवत्ता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनके शोध पत्रों को वैश्विक स्तर पर कुल 2164 सिटेशन्स (Citations) प्राप्त हुए हैं।
गणित विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ अमर नाथ चटर्जी ने भी अकादमिक अनुसंधान में अपनी विशिष्ट पहचान बनायी है। उनके कुल 43 शोध प्रकाशन दर्ज हैं, तथा उनके शोध कार्यों को अकादमिक समुदाय द्वारा सराहा गया है, जिसके फलस्वरूप उन्हें कुल 632 सिटेशन्स प्राप्त हुए हैं। दोनों प्राध्यापकों की इस गौरवशाली उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ शैलज कुमार श्रीवास्तव ने दोनों को शुभकामना दी। महाविद्यालय परिवार, शिक्षकों और विद्यार्थियों में अत्यंत हर्ष का माहौल है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे उच्च शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया है।
भईया जी की रिपोर्ट

