नवादा : नगर थाना क्षेत्र में देर रात रात में घर लौट रहे एक व्यक्ति को तीन अज्ञात युवकों ने घेरकर मारपीट की और सोने की चेन, पांच हजार रुपये नकद समेत जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गये। घटना में पीड़ित के सर, आंख और पीठ में चोट लगने की बात सामने आयी है। पीड़ित के बयान पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस तीनों आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।

प्राथमिकी के अनुसार, सोहजना गांव निवासी तरसेम मिश्रा, पिता अशोक कुमार मिश्रा, वर्तमान में हैदराबाद में नौकरी करते हैं। बताया गया है कि रात करीब नौ बजे वे सद्भावना चौक से खाना खाने के बाद स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोहजना चौक के पास डॉ. सतेन्द्र साव के घर के समीप सड़क पर तीन अज्ञात युवकों ने उनकी स्कूटी रोक ली। पीड़ित के अनुसार, तीनों युवकों की उम्र करीब 24-25 वर्ष थी और उनका रंग सांवला था।
पीड़ित का आरोप है कि रास्ता रोकने के बाद तीनों युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान उनकी आंख में काफी चोटें लगी और वे जख्मी हो गये। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों की मारपीट से उनके सर और पीठ में भी चोटें आयीं है। मारपीट के बाद तीनों युवक उनके पास मौजूद सामान लेकर वहां से फरार हो गये।
पीड़ित के अनुसार, बदमाश सोने की चेन और वॉलेट लेकर फरार हो गए।वॉलेट में आधार कार्ड, डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आइडी कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य जरूरी दस्तावेज थे। इसके अलावा वॉलेट में पांच हजार रुपये नकद रखे हुए थे। घटना के बाद पीड़ित अपने घर पहुंचे और परिजनों को पूरी जानकारी दी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित नगर थाना पहुंचे। उनके बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों, संभावित प्रत्यक्षदर्शियों और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर तीनों अज्ञात आरोपितों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में शामिल युवकों की पहचान कैसे की जा सकती है और वे घटना के बाद किस दिशा में गये।
भईया जी की रिपोर्ट

