नवादा : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नारदीगंज रोड स्थित भगवानपुर मोड़ के समीप जैसिन बिगहा गांव के पास रविवार देर शाम बलोरो पिकअप की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी। मृतक की पहचान जैसिन बिगहा गांव निवासी सुनील यादव के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये।
बताया जाता है कि नीतीश कुमार घर से मिट्टी की हांडी लाने के लिए गांव में निकला था। इसी दौरान नारदीगंज रोड पर भगवानपुर मोड़ के समीप जैसिन बिगहा के पास एक बलोरो पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर में नीतीश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और ग्रामीण उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने दुर्घटना में शामिल बलोरो पिकअप को पकड़ लिया और सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा पकड़े गये वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया. वाहन का नंबर JH10CG0231 बताया गया है।
मुफस्सिल थाना के एसआई मिथलेश कुमार ने सदर अस्पताल पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करायी। इसके बाद युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजीत सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक को पकड़ लिया गया है। चालक की पहचान रंजीत कुमार, पिता कृष्ण सिंह के रूप में हुई है। वह भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों के साथ पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटायी जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट