नवादा : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव के पास भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गयी, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसा इतना भयावह था कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ट्रक की टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान ट्रक का पहिया रोशन कुमार के शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गयी।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय रोशन कुमार के रूप में हुई है। हादसे में उसके साथ बाइक पर सवार भोला कुमार (18) और गौतम कुमार (16) गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों का प्राथमिक उपचार सदर अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पावापुरी विम्स मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक बाइक से भदोखरा गांव से नवादा बाजार जा रहे थे। शाहपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज गति से आ रहे हाइवा ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गयी और तीनों युवक सड़क पर जा गिरा। हादसे के दौरान ट्रक का पहिया रोशन कुमार के शरीर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल रोशन ने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया जबकि उसके दोनों साथी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गये।
हादसे की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस सक्रिय हुई। थानाध्यक्ष संजीत कुमार के साथ पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सड़क से उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। हादसे में युवक की मौत की खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी। कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की।
हादसे के बाद सड़क पर ट्रक और बाइक के कारण यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब आधे घंटे के भीतर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हुई। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हाइवा और बाइक को जब्त कर लिया है। हादसे के वास्तविक कारणों और ट्रक चालक की भूमिका को लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
सड़क हादसे में जान गंवाने वाला रोशन कुमार अपने परिवार का सबसे बड़ा पुत्र बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोशन की मौत की खबर से गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए यह हादसा बेहद सदमे वाला साबित हुआ , क्योंकि शादी के महज एक वर्ष के भीतर रोशन की मौत हो गयी।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल अस्पताल रेफर किए जाने के बाद पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।शाहपुर के पास हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
भईया जी की रिपोर्ट