नवादा : जिले के नरहट थाना क्षेत्र से करीब दो माह पहले चार बच्चों के साथ लापता महिला को पुलिस ने झारखंड के रांची से बरामद कर लिया। नरहट पुलिस ने महिला और उसके चारों बच्चों को रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित काके रोड से बरामद किया। पुलिस अब महिला का बयान दर्ज कर मामले के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, नरहट थाना क्षेत्र के कानूनगो बिगहा गांव निवासी संतोष यादव ने अपनी पत्नी सोनी देवी के लापता होने की शिकायत दर्ज करायी थी। शिकायत के मुताबिक सोनी देवी 5 जुलाई 2026 को चार बच्चों के साथ मायके जाने की बात कहकर घर से निकली थी लेकिन मायके में नहीं पहुंची।
पति के अनुसार, पत्नी के घर नहीं लौटने पर उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान महिला के रांची में होने की जानकारी मिली। शिकायत में एक मोबाइल नंबर का भी उल्लेख किया गया था। पति ने महिला को अगवा कर रखे जाने की आशंका जतायी थी।
मामले में नरहट थाना कांड संख्या 265/26, दिनांक 4 सितंबर 2026 बीएनएस की धारा 137(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाते हुए रांची में कार्रवाई की। इसके बाद महिला और उसके चारों बच्चों को बरियातू थाना क्षेत्र के काके रोड से बरामद कर लिया।
थानाध्यक्ष गौतम कुमार के अनुसार महिला और बच्चों की बरामदगी कर ली गयी है। बरामदगी के बाद पुलिस आगे की प्रक्रिया में जुटी है। महिला का बयान दर्ज किया जा रहा है, जिसके आधार पर मामले से जुड़े तथ्यों की जांच आगे बढ़ायी जाएगी।
इस प्रकार दो दिनों के अंदर दो महीलाओं की बरामदगी पुलिस द्वारा की जा चुकी है।
भईया जी की रिपोर्ट