नवादा : आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) पटना की टीम ने एक हाईप्रोफाइल मामले में जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) के प्रधान लिपिक कन्हैया लाल को कार्यालय परिसर से गिरफ्तार कर लिया। कन्हैया लाल पर आपराधिक षडयंत्र कर फर्जीवाड़ा करने का आरोप है। मामला गोपालगंज डीटीओ ऑफिस से 2021 से जुड़ा है। कन्हैया लाल उस वक्त गोपालगंज डीटीओ ऑफिस में लिपिक था। वह पटना के बेऊर थाने के सिपाराडीह के रामाकांत प्रसाद का पुत्र है।
कन्हैया लाल पर आरा के वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के वीसी के ड्राइवर राधेश्याम सिंह की चोरी गयी स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन फर्जी तरीके से दूसरे के नाम पर ट्रांसफर करने का आरोप है। इस मामले में हाईकोर्ट के आदेश पर आर्थिक अपराध इकाई, पटना में 20 नवम्बर 2025 को कांड संख्या-42/25 दर्ज है। कन्हैया लाल इस मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त है। गोपालगंज के तत्कालीन अधीक्षक मद्य निषेध, नीलामी समिति के सदस्य व बीडर प्राथमिकी अभियुक्त है।
भईया जी की रिपोर्ट