नवादा : नगर स्थित शोभिया कृषि फॉर्म के पीछे नेमदारगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक धार्मिक स्थल पर असामाजिक तत्वों द्वारा समुदाय विशेष की धार्मिक पुस्तक जलाये जाने की घटना के बाद प्रशासन ने शांति एवं विधि-व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। जिले में सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारा और शांति बनाये रखने के उद्देश्य से अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता सदर अनुमंडल पदाधिकारी अमित अनुराग एवं रजौली अनुमंडल पदाधिकारी स्वतंत्र कुमार सुमन ने की।

समिति सदस्यों ने प्रशासन को दिया सहयोग का भरोसा
बैठक में शांति समिति के सदस्यों से जिले में आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द कायम रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गयी। सदस्यों ने भी प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में अफवाहों को फैलने नहीं दिया जाये और लोग संयम बरतें।
सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी निगरानी
प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली भ्रामक, आपत्तिजनक और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। धार्मिक अफवाह, भड़काऊ संदेश या आपत्तिजनक वीडियो के माध्यम से शांति एवं विधि-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जायेगी।
बिना सत्यापन संदेश साझा न करने की अपील
सभी समुदायों के लोगों से किसी भी अफवाह पर विश्वास नहीं करने तथा बिना सत्यापन किसी सूचना, वीडियो या संदेश को सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की अपील की गयी। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को देने को कहा गया।

दोषियों की पहचान कर होगी विधिसम्मत कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल दोषियों की पहचान और उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई के लिए आवश्यक एहतियाती एवं निरोधात्मक कदम उठाये जा रहे हैं। घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जायेगा। अधिकारियों ने कहा कि जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाये रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
भईया जी की रिपोर्ट

