नवादा : जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 20 पर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नेमदारगंज थाना क्षेत्र के फरहा ओवरब्रिज के पास हुआ। दोनों युवक बाइक से नवादा से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान दीरी गांव निवासी गुलशन कुमार, पिता रविंद्र यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि गुलशन कुमार की घटनास्थल पर मौत हो गयी। बाइक पर सवार उनके चचेरे भाई लक्ष्मण यादव गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। स्थानीय लोगों ने घायल लक्ष्मण यादव को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पावापुरी बिम्स में भर्ती कराया गया है।
परिजनों के अनुसार गुलशन कुमार और लक्ष्मण यादव चचेरे भाई थे। दोनों नवादा के पुरानी बाजार के एक दुकान में काम करते थे। दोनों काम खत्म करने के बाद बाइक से अपने घर के लिए निकले थे। फरहा ओवरब्रिज के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। मृतक के चाचा लालू कुमार ने बताया कि दोनों युवक प्रतिदिन काम करने के बाद साथ में घर लौटते थे तथा दोनों एक साथ घर जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया।
गुलशन कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घायल लक्ष्मण यादव की हालत गंभीर बतायी जा रही है और उनका इलाज पावापुरी में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाके में घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट