नवादा : सितंबर माह के दूसरे पखवाड़े में लगातार कई महत्वपूर्ण पर्व-त्योहार पड़ रहे हैं। इसकी शुरुआत 14 सितंबर, सोमवार को हरतालिका तीज और गणेश चतुर्थी से होगी। इसी दिन गणेशोत्सव का शुभारंभ होगा। इसके बाद धार्मिक पर्वों का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। हरतालिका तीज के साथ ही भगवान गणेश की पूजा को लेकर घरों और पूजा स्थलों पर विशेष तैयारी की गयी है।गणेश चतुर्थी से शुरू होने वाला गणेशोत्सव 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन गणेश प्रतिमा विसर्जन के साथ संपन्न होगा।
पर्वों की कड़ी में 15 सितंबर, मंगलवार को ऋषि पंचमी व्रत मनाया जायेगा। इसके तत्काल बाद 17 सितंबर, गुरुवार को ज्येष्ठा गौरी पूजा के साथ विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया जाएगा। इस दिन घरों में गौरी पूजन के साथ औद्योगिक प्रतिष्ठानों, दुकानों और कार्यस्थलों पर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की जायेगी। 19 सितंबर, शनिवार को राधाष्टमी का पर्व मनाया जायेगा वहीं, 22 सितंबर, मंगलवार को परिवर्तिनी एकादशी व्रत और 23 सितंबर, बुधवार को वामन द्वादशी होगी। इसके बाद 24 सितंबर, गुरुवार को प्रदोष व्रत रखा जायेगा।
पर्वों के इस सिलसिले का प्रमुख आकर्षण 25 सितंबर, शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी होगी। इसी दिन गणेशोत्सव का समापन होगा और श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन करेंगे। इसके अगले दिन 26 सितंबर, शनिवार को भाद्रपद पूर्णिमा के साथ भाद्रपद मास का समापन होगा। लगातार पर्वों के कारण पूरे जिले में धार्मिक उत्साह और चहल-पहल का माहौल रहने की उम्मीद है।
भईया जी की रिपोर्ट