अरवल जहानाबाद- पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार के संकल्प के साथ अखिल विश्व गायत्री परिवार की युवा इकाई प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ, जहानाबाद द्वारा चलाया जा रहा लगातार रविवासरीय साप्ताहिक पौधरोपण अभियान रविवार को अपने 276वें पड़ाव पर पहुंच गया।
इस क्रम में रविवार को अखिलेश शर्मा की निजी भूमि, एम.एस. रेस्टोरेंट, NH-22, मंजू नगर, लड़ौआ मोड़ के समीप बाईपास, मखदुमपुर, जहानाबाद में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ जहानाबाद की ओर से लगातार 276 रविवार से चलाया जा रहा यह अभियान जिले में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ युवाओं को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है। संगठन का जोर केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखते हुए उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने पर भी है।
किंजर में भी लगातार 12वें रविवार हरित अभियान
वहीं, प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ जहानाबाद के सहयोग से प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ अरवल द्वारा किंजर सूर्य मंदिर परिसर में लगातार 12वें रविवार को वृहद पैमाने पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में विभिन्न पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि तेजी से बदलते पर्यावरणीय परिस्थितियों के बीच पौधरोपण को जनअभियान बनाना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। अधिक से अधिक पेड़ लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा से ही पर्यावरण संतुलन को मजबूत किया जा सकता है।
प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ के इस निरंतर अभियान की विशेषता यह है कि प्रत्येक रविवार पौधरोपण के माध्यम से समाज में “पौधा लगाओ, पौधा बचाओ और पर्यावरण बचाओ” का संदेश पहुंचाया जा रहा है। जहानाबाद एवं अरवल की युवा इकाइयों ने भविष्य में भी इस अभियान को और व्यापक बनाने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर गायत्री परिवार के रंगेश कुमार, कौशल कुमार, धनंजय कुमार, विनोद कुमार, रंगनाथ शर्मा, धर्मेंद्र कुमार, अन्वेष कुमार गौतम, शुभम कुमार, गौतम कुमार, शिवम कुमार, बजरंगी कुमार, सौरभ कुमार, रोहित कुमार,सार्थक मल्होत्रा, बाबू राव एवं अन्य परिजन उपस्थित थे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट