बिहार में 8 सीटों पर होने वाले विधान परिषद चुनाव को लेकर जदयू ने अपनी तैयारी लगभग पूरी कर ली है। उसने उम्मीदवारों के नाम भी तय कर लिए हैं, बस औपचारिक ऐलान ही बाकी रह गया है। सूत्रों के अनुसार जदयू छह में से कुल चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी और पार्टी ने इन सीटों के लिए अपने संभावित उम्मीदवारों के नाम भी तय कर लिए हैं।पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की औपचारिक घोषणा भी जल्द ही कर दी जाएगी। जो सूची सामने आ रही है उसके अनुसार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा का नाम बतौर कैंडिडेट फाइनल है। सूत्रों का कहना है कि पूर्व सीएम नीतीश कुमार के स्तर पर दोनों के नामों पर अंतिम मुहर लग गई है। अब किसी भी वक्त पार्टी आधिकारिक लिस्ट जारी कर देगी।
पटना स्नातक से नीरज का नाम तय
जदयू सूत्रों के अनुसार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया जा रहा है। इस सीट को लेकर पार्टी के भीतर काफी समय से मंथन चल रहा था। हालांकि इस बार उनके लिए मुकाबला आसान नहीं होगा क्योंकि उनके सामने जदयू छोड़कर राजद में आए डॉक्टर संजीव कुमार और जन सुराज उम्मीदवार दिव्य ज्योति भी मजबूती से दांव आजमा रहे हैं। वहीं चौथे उम्मीदवार अनुज कुमार के पीछे खुद जदयू के ही बाहुबली विधायक अनंत सिंह खड़े हैं जिस कारण इस सीट पर इस बार मुकाबला काफी कांटे का और दिलचस्प हो गया है।
तिरहुत स्नातक में अभिषेक पर दांव
वहीं तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा का नाम जदयू के संभावित उम्मीदवार के तौर पर उभरकर सामने आया है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी ने इस सीट के लिए नाम पर सहमति बना ली है। हालांकि अंतिम निर्णय और आधिकारिक घोषणा जेडीयू नेतृत्व की ओर से किया जाना अभी बाकी है। अभिषेक झा जदयू के पुराने और भरोसेमंद चेहरा हैं। अभिषेक झा इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके हैं और जदयू के तेज तर्रार युवा नेताओं में से एक माने जाते हैं। इसके अलावा सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पुष्कर आनंद को उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा है। दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए दिलीप चौधरी समेत कई नामों पर मंथन चलने की जानकारी सामने आ रही है। इस सीट पर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। लेकिन पार्टी सूत्रों के मुताबिक दिलीप चौधरी समेत कई नामों पर विचार चल रहा है। दिलीप चौधरी पूर्व में भी जदयू के विधान पार्षद रह चुके हैं।