पटना : कोलकाता की प्रसिद्ध जादवपुर यूनिवर्सिटी में “फ्री कश्मीर” और “लाल सलाम” के नारे लगाए जाने के बाद सियासत गरमा गई है। इस विवाद पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और ‘लाल सलाम’ (वामपंथी) की विचारधारा में कोई अंतर नहीं है, ये सब एक ही हैं। ये कहते कुछ हैं, करते कुछ हैं।

दरअसल, जादवपुर यूनिवर्सिटी में ‘फ्री कश्मीर’ और ‘लाल सलाम’ के नारे लगाए जा रहे थे, इसी को लेकर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू की ओर से गुरुवार को तीखी प्रतिक्रिया दी गई है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय सिर्फ पढ़ाई के लिए होते हैं और ये शिक्षा के मंदिर हैं। अगर शिक्षा के इस मंदिर में इस तरह की अनैतिक और देश विरोधी गतिविधियां होंगी, तो ऐसे तत्वों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीँ, उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि खुद वहां के मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि ऐसे लोगों के लिए बंगाल में कोई जगह नहीं है। अब बंगाल सरकार और मुख्यमंत्री को इस मामले में दृढ़ता दिखाते हुए कड़ा फैसला लेना चाहिए। देश की अखंडता और शिक्षा के माहौल से खिलवाड़ करने वाले लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शने की जरूरत नहीं है।
