नवादा : जिले में सड़क हादसे ने एक परिवार की पूरी दुनिया उजाड़ दी। जिले के नवादा – हसुआ पथ पर पुलिस लाइन के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक अमित कुमार की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोगों के घायल होने की खबर है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अब हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
मृतक की पहचान पुलिस लाइन निवासी पप्पू रजक के पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है। अमित अपने परिवार का एकलौता बेटा ही नहीं, बल्कि घर की आर्थिक जिम्मेदारियों का प्रमुख सहारा था। बताया जा रहा है कि उसके पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है। ऐसे में परिवार की जिम्मेदारी काफी हद तक अमित के कंधों पर थी।अमित अपनी बहन की शादी की जिम्मेदारी उठाने की तैयारी में था।
परिवार को उम्मीद थी कि जवान बेटा आगे चलकर घर की तमाम जिम्मेदारियां संभालेगा और बहन की शादी धूमधाम से करेगा। लेकिन सड़क हादसे ने पलभर में परिवार की सारी उम्मीदों को मातम में बदल दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस लाइन के समीप अमित अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमित गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।जैसे ही अमित की मौत की खबर परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। जवान बेटे का शव देखते ही मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दोनों की हालत इतनी बिगड़ गई कि उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाना पड़ा। सदर अस्पताल में भी मां की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें भर्ती कर उपचार दिया गया। बहन भी भाई की मौत के सदमे में लगातार बदहवास होती रही।
अमित की मौत ने परिवार से उसका एकलौता बेटा, कमाने वाला सहारा और बहन का भाई तीनों छीन लिया। जिस बेटे के कंधों पर पिता की जिम्मेदारी और बहन की शादी का ख्वाब था, उसी बेटे की अर्थी उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और चालक का सुराग तलाशने की कोशिश की जा रही है। हादसे के बाद इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
भईया जी की रिपोर्ट