नवादा : जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कादिरगंज थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी फर्जी बजाज फाइनेंस के नाम पर लोगों को सस्ते दर पर लोन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करता था।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, साइबर थाना कांड संख्या 84/26, दिनांक 7 सितंबर 2026 के मामले में यह कार्रवाई की गई । गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कादिरगंज थाना क्षेत्र के अतौआ गांव से एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोल्जर कुमार उर्फ कालू, उम्र 22 वर्ष, पिता आनंदी शर्मा, निवासी अतौआ, थाना कादिरगंज, जिला नवादा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी बजाज फाइनेंस के जरिए कम दर पर लोन उपलब्ध कराने का झांसा देकर आम लोगों से साइबर ठगी करता था। कार्रवाई में साइबर थाना के पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार, सुरज कुमार तांती, रूपेश कुमार और कुंदन कुमार शामिल रहे। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है।
भईया जी की रिपोर्ट

