बिहार में गंगा और पुनपुन में उतार-चढ़ाव के बीच कई प्रमुख नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बक्सर, भोजपुर, पटना, वैशाली, सारण, गोपालगंज, सीवान, बेगूसराय, मुंगेर, भागलपुर, खगड़िया, कटिहार, शेखपुरा समेत 13 जिलों के 27 लाख लोग बाढ़ से परेशान हैं। जल संसाधन विभाग की ओर से रिपोर्ट के अनुसार आठ सितंबर सुबह छह बजे तक गंडक, कोसी, बागमती, बूढ़ी गंडक, गंगा, पुनपुन और घाघरा नदियां कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर हैं। वहीं गंगा के जलस्तर में कहीं गिरावट तो कुछ स्थानों पर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसबीच पानी के इसी उतार—चढ़ाव ने अब रेलवे ट्रैक को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है। बाढ़ का पानी जगह—जगह रेल पुल-पुलिया के करीब पहुंचने से मालदा रेल मंडल ने जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर विशेष सतर्कता बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार जमालपुर—भागलपुर रेलखंड पर यात्रियों की सुरक्षा और रेल ट्रैक की निगरानी को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर ट्रेनों की गति घटाकर 30 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। सामान्य स्थिति में इन स्थानों पर ट्रेनें करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलती हैं। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मानसून पेट्रोलिंग भी तेज कर दी गई है और रेलकर्मी शिफ्टवार पुल-पुलिया, ट्रैक और गंगा के बढ़ते पानी की निगरानी कर रहे हैं। मालदा रेल मंडल की ओर से जारी आदेश के अनुसार, बरियारपुर स्टेशन सीमा में पुल संख्या 195 के समीप अप और डाउन दोनों लाइनों पर स्पीड कॉशन लगाया गया है। अप लाइन में किलोमीटर 347/45 से 347/51 तथा डाउन लाइन में 347/50 से 347/46 के बीच ट्रेनों की अधिकतम गति 30 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है।
इधर खबर है कि बरियारपुर-रतनपुर रेलखंड पर भी स्पीड कॉशन लागू किया गया है। बरियारपुर से रतनपुर अप लाइन में किलोमीटर 347/45 से 350/41 और रतनपुर से बरियारपुर डाउन लाइन में किलोमीटर 350/42 से 347/46 के बीच ट्रेनें अधिकतम 30 किलोमीटर प्रति घंटे की नियंत्रित गति से चलेंगी। इसके अलावा लैलाख-सबौर रेलखंड में पुल संख्या 145/बी के समीप दोनों दिशाओं में भी स्पीड कॉशन लगाया गया है। यहां भी ट्रेनों की गति 30 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है।
फिलहाल जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य है। हालांकि, गंगा के जलस्तर में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए रेलवे प्रशासन संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर बनाए हुए है। जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर करीब दो दर्जन रेलकर्मियों को शिफ्टवार पुल-पुलिया, रेलवे ट्रैक और गंगा के बढ़ते पानी की निगरानी में लगाया गया है।
वहीं जमालपुर-किऊल रेलखंड पर रुक-रुककर हो रही बारिश ने भी रेलवे की चिंता बढ़ा दी है। धरहरा, अभयपुर और कजरा स्टेशन के आसपास पिछले दिनों रेल पटरी में क्रैक और धंसने की शिकायत सामने आने के बाद यहां भी ट्रैक की निगरानी बढ़ाई गई है।
