राजधानी पटना से सटे मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर आज मंगलवार की सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार दंपती समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक्सीडेंट इतना भयावह था कि दुर्घटना के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें फंसे तीनों लोगों के शवों को इलेक्ट्रिक कटर से काटकर बाहर निकालना पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग पटना से खगड़िया जा रहे थे। इसी दौरान मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर उनकी क्रेटा कार डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।

कार की बॉडी काटकर शवों को बाहर निकाला
सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। कार की स्थिति इतनी खराब थी कि उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। राहत और बचाव टीम ने जरूरी उपकरणों की मदद से कार को काटकर तीनों शवों को बाहर निकाला। हादसे के कारण फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान और हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना किस वाहन से टक्कर के कारण हुई या चालक का वाहन पर नियंत्रण कैसे बिगड़ा, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पटना के ग्रामीण एसपी कोमल मीणा ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है।
अयोध्या से लौटकर खगड़िया जा रहे थे सभी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद चालक का शव गाड़ी में ही फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। मृतकों की पहचान खगड़िया जिले के मोरकाही थाना क्षेत्र के दक्षिण मारड़ निवासी पवन कुमार, उनकी पत्नी सुलोचना देवी तथा ड्राइवर सदरे आलम के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, दंपती अयोध्या गए थे। वहां पूजा-अर्चना के बाद लौट रहे थे। मंगलवार की सुबह करीब 7:30 बजे बख्तियारपुर-औंटा गोलंबर के बीच शिवनार गांव के समीप यह दुर्घटना हुई। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवार में मातम पसर गया है। एक साथ तीन लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दुर्घटना के हर पहलू की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

