नवादा : जिले की हिसुआ प्रखंड के लिए दुखद खबर सामने आई है। हिसुआ नगर परिषद क्षेत्र के नाला स्थित प्रतिष्ठित सरस्वती नेशनल आवासीय विद्यालय के संचालक प्रमुख शिक्षाविद के.पी. शाही का आकस्मिक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा की सेवा करते हुए उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे हिसुआ सहित जिले के शिक्षा जगत, सामाजिक संगठनों और आम जनमानस में गहरा शोक व्याप्त हो गया।
शिक्षा के साथ समाज सेवा को बनाया मिशन
स्वर्गीय के.पी. शाही सिर्फ एक विद्यालय संचालक नहीं, बल्कि एक दूरदर्शी शिक्षाविद और सजग सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सुलभ बनाने के लिए सरस्वती नेशनल स्कूल की स्थापना की और इसे एक मुकाम तक पहुंचाया।
शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ वे सामाजिक कार्यों में भी सदैव बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। गरीब और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए उनका विशेष लगाव था। उनके सहज, सरल और मिलनसार स्वभाव के कारण वे छात्रों और अभिभावकों में काफी लोकप्रिय थे।
विद्यालय में शोक सभा का आयोजन, दो मिनट का रखा मौन
निधन की सूचना पर सरस्वती नेशनल स्कूल परिसर में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार और छात्रों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
शोक सभा में विद्यालय परिवार के सुनील कुमार, सचिन कुमार, शोभा कुमारी, पुष्पा कुमारी, पूनम कुमारी, दुर्गेश नन्दन, राकेश कुमार, सीमा कुमारी, रूबी कुमारी, स्वरा राज, श्रेष्ठ राज, आहन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी और कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किया गया योगदान अविस्मरणीय रहेगा। उनके जाने से शिक्षा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।
भईया जी की रिपोर्ट