नवादा : बिहार में शराबबंदी कानून को चुनौती देते हुए शराब की खेप राज्य में लाने की कोशिश को उत्पाद विभाग ने नाकाम कर दी। बिहार-झारखंड सीमावर्ती चितरकोली समेकित जांच चौकी पर देर रात उत्पाद विभाग की टीम ने लाल रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से 240 बोतल विदेशी शराब बरामद की।
शराब को वाहन के अंदर बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाकर बिहार लाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान बोकारो निवासी कथित शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।उत्पाद विभाग की यह कार्रवाई देर रात करीब 11 बजे गुप्त सूचना के आधार पर की गई। उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि मद्य निषेध कानून के प्रभावी अनुपालन के लिए झारखंड की ओर से बिहार आने वाले सभी वाहनों की लगातार सघन जांच की जा रही है। अभियान के दौरान टीम को शराब की खेप बिहार लाए जाने की सूचना मिली थी।
गुप्त सूचना पर रोकी गई कार
जांच अभियान का नेतृत्व चितरकोली जांच चौकी प्रभारी इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि लाल रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में तहखाना बनाकर शराब की बड़ी खेप नवादा की ओर जा जा रही है।
सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने कार संख्या जेएच10 यू 6006 को रोककर उसकी जांच शुरू की। शुरुआती जांच में शराब दिखाई नहीं दी, जिसके बाद चालक से कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान तस्करी का खुलासा हुआ। इसके बाद वाहन की बारीकी से तलाशी ली गई, तो पिछली सीट और डिक्की में बनाए गए गुप्त तहखाने का पता चला। तहखाने को खोलने पर उसमें छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
98.64 लीटर विदेशी शराब जब्त
उत्पाद विभाग के अनुसार बरामद शराब में 750 एमएल की 48 बोतल, मैकडॉवेल 375 एमएल की 120 बोतल, 180 एमएल की 48 बोतल और ब्लेंडर्स प्राइड 375 एमएल की 24 बोतल शामिल हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा 98.64 लीटर बताई गई है जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक शराब को विशेष तरीके से वाहन के अंदर छिपाया गया था, ताकि जांच के दौरान वह आसानी से पकड़ में न आए। हालांकि सघन जांच और पूछताछ के कारण तस्करी की यह कोशिश सफल नहीं हो सकी।
बोकारो का युवक गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान झारखंड के बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र स्थित झोपड़ी कॉलोनी निवासी बैजनाथ राय के पुत्र रंजन कुमार के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग के अनुसार वह शराब की खेप बिहार लाकर इसकी आपूर्ति करने की कोशिश में था। उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि जब्त शराब और कार के साथ गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मेडिकल जांच के बाद आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए भेजा गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश जारी
उत्पाद विभाग अब इस तस्करी के पीछे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि शराब की इतनी बड़ी खेप अकेले बिहार लाना संभव नहीं है, इसलिए पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप बिहार में कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं।
भईया जी की रिपोर्ट