-महिला समेत दो गिरफ्तार, 20 हजार नकद और फर्जी एटीएम कार्ड बरामद
नवादा : जिले में बढ़ते साइबर अपराध और वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वारिसलीगंज पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो शातिर साइबर ठगों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के कब्जे से दो एंड्रॉयड स्मार्टफोन, 20 हजार रुपये नकद और एक फर्जी एटीएम कार्ड बरामद किया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अंतरजिला गिरोह केंद्र सरकार की ‘पीएम मुद्रा योजना’ (PM Mudra Yojana) और प्रतिष्ठित गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी ‘बजाज फाइनेंस’ (Bajaj Finance) के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर चलाकर लोन दिलाने का प्रलोभन देता था। कम ब्याज दर और बिना गारंटी तुरंत लोन स्वीकृत कराने का झांसा देकर ये गिरोह प्रोसेसिंग फीस, फाइल चार्ज और इंश्योरेंस के नाम पर आम लोगों से लाखों रुपये अपने फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लेते थे।
साइबर अपराधियों की धरपकड़ के लिए वारिसलीगंज पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था, जिसमें कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे। टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर दो अलग-अलग स्थानों पर जाल बिछाकर कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के कुंभी गांव के निकट की गई, जहां से 18 वर्षीय शिवम कुमार (पिता- गुलशन सिंह, निवासी कुंभी) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से साइबर अपराध में प्रयुक्त एक एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किया।
दूसरी कार्रवाई वारिसलीगंज नगर क्षेत्र के सब्जी मंडी मोड़ के पास की गई। यहां से 30 वर्षीय मुन्नी रानी (पति- अशोक कुमार, मूल निवासी ग्राम ससमोहना, थाना अरियरी, जिला शेखपुरा; वर्तमान पता- वारिसलीगंज स्टेशन रोड) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल, 20 हजार रुपये नकद और एक फर्जी एटीएम कार्ड बरामद किया गया।
थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ सुसंगत धाराओं और आईटी एक्ट (IT Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों के मोबाइल फोनों की कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट और बैंक लेनदेन के रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि साइबर गिरोह के सरगना और अन्य अंतरजिला सदस्यों तक पहुंचा जा सके।
भईया जी की रिपोर्ट
