नवादा : जिले के काशीचक प्रखंड अंतर्गत शाहपुर थाना क्षेत्र के महरथ गांव से हृदयविदारक घटना सामने आई। अररिया जिले में पदस्थापित बिहार पुलिस के 50 वर्षीय जवान मोहन कुमार की बिजली के नंगे तार के संपर्क में आने से घटनास्थल पर मौत हो गई। जवान कुछ ही दिन पूर्व छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव महरथ आया था। असामयिक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों एवं परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिपाही मोहन कुमार सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान वह गांव के हरिजन प्राथमिक विद्यालय महरथ के समीप पेशाब के लिए रुके। वहां पहले से गिरे या लटके हुए 11 केवी / एलटी विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गए। हाईटेंशन करेंट के तेज झटके के कारण वह बुरी तरह झुलसकर वहीं गिर पड़े।
घटनास्थल सुनसान होने के कारण करीब 15 मिनट तक किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। बाद में जब राहगीरों ने उन्हें जमीन पर अचेत पड़ा देखा, तो तुरंत परिजनों को सूचना दी। बदहवास परिजन जब तक घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक सिपाही मोहन कुमार दम तोड़ चुके थे। दृश्य को देखकर परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की सूचना मिलते ही मुखिया शंकर कुमार, जिला परिषद सदस्य सुनैना देवी, कांग्रेस नेता सतीश कुमार उर्फ मंटन सिंह और शाहपुर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार पाण्डेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और ढांढस बंधाया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मुखिया शंकर कुमार ने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन और बिजली विभाग के नियमों के तहत मिलने वाली हर संभव सरकारी सहायता व अनुग्रह राशि दिलाने का त्वरित प्रयास किया जाएगा।
भईया जी की रिपोर्ट
